
भविष्य में कभी नहीं जाएंगे भाजपा के साथ: CM नीतीश
पटना- 14 अक्टूबर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि अब वह भविष्य में भाजपा के साथ कभी नहीं जायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में रहे पहले के नेता काम करते थे लेकिन अब भाजपा पहले जैसी नहीं है। अटल बिहार वाजपेयी हो या लालकृष्ण आडवाणी या फिर मुरली मनोहर जोशी हो, ये सभी खूब काम करते थे लेकिन अभी की भाजपा काम से ज्यादा प्रचार करने में लगी रहती है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज समस्तीपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उन्होंने बिहार में पिछली बार महागठबंधन टूटने का कारण बताते हुए कहा कि जब बिहार में महागठबंधन की सरकार थी, भाजपा वालों ने लालू यादव पर झूठा आरोप लगाया था। इस मामले में कुछ नहीं हुआ। अब जब फिर से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी है, तो फिर लालू यादव को फंसाने के लिए साजिश रच रहे हैं। अब हम समाजवादी लोगों के साथ मिलकर बिहार का विकास तो करेंगे ही, आप लोगों का साथ रहा तो देश का भी विकास करेंगे।



