
बेगूसराय में यूरिया के लिए मचा हाहाकार, परेशान किसानों ने किया सड़क जाम
बेगूसराय- 17 दिसम्बर। सरकार और प्रशासन के लाख दावे के बाद भी समय पर यूरिया खाद नहीं मिलने से बेगूसराय में हाहाकार मचा हुआ है। बर्बाद होते फसल को देख परेशान किसान अब सड़क पर आ गए हैं। रबी की खेती के महत्वपूर्ण समय में यूरिया की किल्लत से परेशान होकर आक्रोशित किसानों ने शनिवार को छौड़ाही सहायक थाना क्षेत्र के बखड्डा आंबेडकर चौक पर दौलतपुर-मालीपुर मुख्य पथ को जामकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
किसानों का नेतृत्व कर रहे दानिश आलम ने कहा कि यूरिया के लिए हाहाकार मचा हुआ है और सांवत पैक्स को आवंटित किए गए यूरिया खाद का बैग पैक्स गोदाम नहीं पहुंचकर सीधे पैक्स अध्यक्ष के घर पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों के अनुसार खाद का वितरण पैक्स गोदाम से किया जाना चाहिए। लेकिन प्रखंड कृषि पदाधिकारी को ऐसी कौन सी मजबूरी हो गई कि पैक्स अध्यक्ष के निजी घर पर यूरिया वितरण करने पहुंच गए। हलांकि जैसे ही किसानों को सूचना मिली कि यूरिया खाद का वितरण सांवत पैक्स अध्यक्ष के घर से हो रहा है, सैकड़ों किसानों ने खाद लेने के लिए लंबी कतार लगा दी, लेकिन खाद वितरण शुरू नहीं किया गया। उसके बाद आक्रोशित किसानों ने पैक्स अध्यक्ष के घर पर बबाल करते हुए हंगामा किया। इस दौरान किसानों का आक्रोश देखकर पैक्स अध्यक्ष और कृषि पदाधिकारी घर में अंदर से ताला लगाकर बंद हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही पहुंचे छौड़ाही के प्रमुख सतीश कुमार, बीपीआरओ सुजीत कुमार एवं प्रभारी सीआई सुरेन्द्र कुमार सिंह आदि ने पैक्स अध्यक्ष के घर पहुंचकर यूरिया खाद के बैग की गिनती की तथा तय किया कि प्रखंड मुख्यालय के बगल स्थित पैक्स गोदाम से विभागीय अधिकारियों की निगरानी में खाद का वितरण नियमानुसार किया जाएगा। इसके बाद किसान शांत हुए और मुख्य पथ से जाम हटाया जा सका।



