
BIHAR:- बेगूसराय में अपहृत चिकित्सक के नहीं मिलने से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
बेगूसराय-17 दिसंबर। बेगूसराय के वीरपुर थाना क्षेत्र से बुधवार की शाम से गायब ग्रामीण चिकित्सक शिवदानी महतो का 48 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। जिसको लेकर अनहोनी की आशंका से सनसनी फैल गई है। 48 घंटे बीत जाने के बाद भी डॉक्टर का कोई पता नहीं चलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सकुशल बरामदगी की मांग करते हुए सैकड़ों लोगों ने वीरपुर-संजात पथ को जाम कर दिया है। शुक्रवार की सुबह से ही आक्रोशित लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतर आए हैं तथा बरामदगी नहीं होने तक सड़क जाम समाप्त करने को तैयार नहीं हैं। समाचार प्रेषण तक सभी लोग अपनी मांगों पर डटे हुए हैं और यातायात पूरी तरह ठप पड़ा है।
परिजन एवं ग्रामीणों ने बताया कि 15 दिसंबर की देेर शाम से वीरपुर थाना क्षेत्र के गेन्हरपुर निवासी लड्डूलाल महतो का पुत्र डॉ. शिवदानी महतो लापता हैं। खोजबीन के बाद डॉक्टर की पत्नी रेणु देवी ने थाने में अपहरण की आशंका से संबंधित लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपने पति की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई लेकिन वीरपुर थाना की पुलिस ने अपहरण होने से इंकार कर दिया। आवेदन में पीड़िता ने कहा है कि 15 दिसंबर को करीब साढ़े तीन बजे दिन में मेरे पति शिवदानी महतो अपने दवा दुकान जाने के लिए निकले थे। उनका मोबाइल घर पर ही छूट गया था, लेकिन रात तक वह अपने घर नहीं लौटे। 16 दिसंबर को नौ बजे ग्रामीणों के द्वारा बताया गया कि उनके पति के दवा दुकान की चाबी दुकान के पास गिरी हुई है तथा चप्पल सड़क पर एवं बाइक रामउदय महतो के दरवाजे पर लगी हुई है लेकिन पुलिस लगातार टालमटोल करती रही। शुक्रवार तक गायब चिकित्सक का कुछ भी पता पुलिस को नहीं चला तो सैकड़ों ग्रामीणों ने वीरपुर थाना के समीप सड़क जाम कर दिया है। आक्रोशित भीड़ सकुशल बरामदगी की मांग पर अड़ी हुई है। सदर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिवदानी महतो की बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।



