
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में तीसरे दिन भी अग्निपथ पर विपक्ष का जोरदार हंगामा
पटना- 28 जून। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन भी केंद्र की सेना भर्ती योजना अग्निपथ को लेकर हंगामा जारी है। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सदन के अंदर और बाहर अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की। विपक्ष ने ‘प्रधानमंत्री देश बेचना बंद करो’ के नारे भी लगाए। बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
सदन की कार्यवाही के दौरान माले विधायक सत्यदेव राम की ओर से हंगामा करने पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें सदन से बाहर निकालने की चेतावनी तक दे दी। सदन में विपक्ष के हंगामे के बीच भाजपा के विधायक पवन कुमार जायसवाल के सवाल पर सरकार ने दिया। विपक्ष के हंगामे के बीच अध्यक्ष ने सदन में अल्पसूचित प्रश्न काल की शुरुआत की लेकिन विपक्ष के विधायकों ने सवाल नहीं पूछे।
दूसरी ओर विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व राजद के तमाम विधायकों ने हाथों में पोस्टर लेकर सदन के बाहर जबरदस्त हंगामा किया । रोजगार को लेकर सरकार से सवाल पूछे हैं। माले के विधायकों ने ‘अग्निपथ’ का विरोध करते हुए कहा कि छात्र युवाओं की भावना का सम्मान करें। सरकार देश को कमजोर करना बंद करे। विधायकों ने हाथों में पोस्टर लेकर तमाम नारेबाजी की। साथ में ‘जुमलेबाजी बंद करो’ के भी नारे लगाए।



