
बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए और तेज होगा विकास कार्यःCM
पटना- 04 दिसंबर। सीएम नीतीश कुमार ने नगर विकास एवं आवास विभाग की विभिन्न योजनाओं का शनिवार को शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के काम को और तेजी से करेगी ताकि बिहार विकसित राज्य बन सके। मौके पर सीएम ने पीएम शहरी आवास योजना के अंतर्गत 12,515 लाभुकों में से सांकेतिक तौर पर चार लाभुकों श्रीमती मंजू देवी, श्रीमती सुशीला देवी, श्रीमती संजीदा परवीन एवं श्रीमती शमीमा खातून को घर की चाभी सौंपी। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत लाभान्वित 479 स्वयं सहायता समूह में से सांकेतिक तौर पर तीन स्वयं सहायता समूहों, नगर निगम बेतिया से शिवगुरु आजीविका स्वयं सहायता समूह को पांच लाख रुपये का चेक, नगर परिषद नवादा के सहायता स्वयं सहायता समूह को 1.5 लाख का चेक नगर परिषद मसौढ़ी के भवानी आजीविका समूह की महिलाओं को 1.5 लाख रुपये का ऋण के रूप में चेक प्रदान किया। इस योजना के अंतर्गत 479 स्वयं सहायता समूहों को 5 करोड़ 81 लाख 50 हजार की राशि ऋण के रुप में वितरित की गई।
इस मौके पर सीएम ने रिमोट के माध्यम से पटना स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत 15 योजनाओं का शिलान्यास एवं 12 योजनाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत विभिन्न जिलों में 15 योजनाओं का उद्घाटन एवं कई योजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि नगर विकास एवं आवास विभाग को विशेष तौर पर इस बात के लिए बधाई देता हूं कि आज विभिन्न शहरों के लिये कई योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन कराया है।उन्होंने कहा कि जब से हम लोगों को बिहार में काम करने का मौका मिला, हमलोगों ने नगरों के विकास, उनकी निरंतर प्रगति एवं सुधार को लेकर काफी प्रयास किया है। वर्ष 2005 में बिहार में सिर्फ 112 शहरी निकाय थे जो वर्ष 2021 में बढ़कर 258 हो गये हैं। 2005 में शहरी निकायों की आबादी लगभग 81 लाख 49 हजारी थी जो वर्ष 2021 में बढ़कर 1 करोड़ 58 लाख 71 हजार हो गयी है।
सीएम ने कहा कि वर्ष 2006 हमलोगों ने पंचायती राज चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण का प्रावधान किया। वर्ष 2007 में नगर निकाय चुनाव में भी महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान कर दिया गया । एससी/ एस- अतिपिछड़े वर्गों के लिये भी आरक्षण का प्रावधान किया गया। अब काफी संख्या में महिला प्रतिनिधि चुन कर आ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पटना का बुरा हाल था। कंकड़बाग एवं दानापुर से सचिवालय आने में काफी परेशानी होती थी। शाम के बाद कोई दानापुर जाना नहीं चाहता था। शाम होते ही पूरा इलाका बंद हो जाता था। पहले आवागमन के इंतजाम ठीक नहीं होने तथा भय के कारण शाम के बाद लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे। अब लोग देर रात तक भी पूरे पटना में लोग आवागमन करते रहते हैं।उन्होंने कहा कि सात निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत हर घर तक नल का जल, हर घर तक पक्की गली नाली का निर्माण कराया गया है। हर घर शौचालय का निर्माण राष्ट्रीय योजना है जिसे हमलोगों ने भी अपने राज्य ठीक ढंग से कराया है। सभी काम लगभग पूर्ण हो गये हैं, जो भी थोड़े बहुत काम बचे हुए काम हैं उसे विभाग जल्द से जल्द पूरा कराये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रेटर पटना का प्रारूप वर्ष 2013-14 में तैयार कराया गया था। उस पर तेजी से काम करें। शहरों के गंदे पानी को साफ कर गांवों में सिंचाई के लिये इसका उपयोग करने की योजना पर काम चल रहा है। स्मार्ट सिटी के तहत पटना, मुजफ्फरपुर, बिहारशरीफ एवं भागलपुर में काम चल रहा है। सही मायने में सिटी को स्मार्ट बनाने के लिए काम करना है। स्मार्ट सिटी के लिये जितने पैसों की जरूरत होगी उसे पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-2 के अन्तर्गत वृद्धजनों के लिये आश्रय स्थल का इंतजाम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के किसी कोने से पटना पहुंचने का लक्ष्य पहले 6 घंटे निर्धारित किया गया था जिसे पूरा करने के बाद अब 5 घंटे में पटना पहुंचने के लक्ष्य पर तेजी से काम किया जा रहा है। शहरों में जाम की समस्या से निपटने को लेकर बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। जहां बाईपास बनाने के लिये जगह नहीं है वहां फ्लाईओवर का निर्माण कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो साल से कोरोना का दौर चला है। कोरोना से बचाव को लेकर केन्द्र एवं राज्य सरकार काफी राशि खर्च कर रही है। कोरोना के कारण कई गतिविधियां प्रतिबंधित थी। अब कई योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी संभावित लहर को देखते हुए केंद्र की सरकार कई उपाय कर रही है और इसको लेकर कई गाइडलाइन जारी किया है। सीएम ने कॉमन सर्विस सेंटर के संचालन के लिए सांकेतिक रूप से स्वयं सहायता समूह की महिला श्रीमती इंदू श्रीवास्तव एवं श्रीमती सविता कुमारी को प्रमाण-पत्र दिया। राज्य में 2,250 स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न जिलों में कॉमन सर्विस सेंटर की शुरूआत की गयी है।
कार्यक्रम के शुरु होने पर उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने मुख्यमंत्री का स्वागत पौधा भेंटकर किया तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर ने भी संबोधित किया, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंदिरी नाला कार्यक्रम स्थल से पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने भी संबोधित किया।



