
वैशाली- 23 अक्टूबर । बिहार में वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित नगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत अनवरपुर चौक के समीप बाइक सवार हथियार से लैस अज्ञात अपराधियों ने शनिवार देर शाम ज्वेलरी शॉप को गन प्वाइंट पर लूट लिया। अपराधियों ने दुकान से करीब तीन किलो सोना एवं नौ लाख नकदी पर हाथ फेरा। तिरहुत प्रमंडल रेंज के आईजी गणेश कुमार ने बताया कि दुकानदार द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन किलों सोना और नौ लाख रुपये नकद ज्वेलरी दुकान से लूट हुई है। आईजी ने बताया कि ज्वेलरी दुकान के सूचनाओं के अनुसार करीब 15 मिनट तक अपराधियों द्वारा एक एक कर महंगी महंगी ज्वेलरी के साथ-साथ करीब नौ लाख रुपये कैश लूटा गया। साथ ही अपराधियों द्वारा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर भी निकाल लिया गया और बड़े आराम से बीच बाजार से सभी अपराधी निकल लिए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस के साथ-साथ जिले के पुलिस कप्तान मनीष ने जांच पड़ताल तेज कर दी है। लेकिन पंचायत चुनाव के बीच प्रशासन की सारी तैयारी की पोल खुल गई है।इस लूट के बाद पूरे मामले पर पूछे जाने पर वैशाली पुलिस कप्तान मनीष ने बताया कि ज्वेलरी की दुकान से लूट की घटना हुई है।हथियार से लैस बदमाशों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। अब तक आकलन नहीं किया गया है कि लूट की रकम और ज्वेलरी कितने की है। हालांकि दुकानदार द्वारा नौ लाख नकद और तीन किलों सोना की लूट बतायी जा रही है।



