
बसपा और जद (यू) के नेता सपा में हुए शामिल
लखनऊ- 04 फरवरी। कुंदरकी मुरादाबाद के कई प्रमुख नेता बसपा छोड़कर अपने तमाम साथियों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। इसके साथ ही जनता दल (यू) के डाक्टर संतोष वर्मा, बहराइच के मनीष चौधरी समेत अन्य नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता प्रदेश कार्यालय पर ग्रहण की। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने शुक्रवार को इन सभी नेताओं को सदस्यता दिलाई।
बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से हाजी अकबर हुसैन हैं। यह उप्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं। कुंदरकी मुरादाबाद सीट से पांच बार विधायक भी रहे हैं। पूर्व ब्लाक प्रमुख कुंदरकी सलीम अकबर, सदस्य जिला पंचायत मुरादाबाद मोहम्मद रफी अहमद और युवा नेता वसीम अकबर ने सपा की सदस्यता ली है।
वहीं जनता दल (यू) के डॉ. संतोष वर्मा, लखनऊ के गुरु यादव, बहराइच के मनीष चौधरी, जौनपुर के चंद्र प्रकाश, लखनऊ के जियामऊ वार्ड से निर्दल पार्षद नीरज यादव भी अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। इनके अलावा मनोज कुमार दुबे, पिंटू यादव, आबिद अली, राकेश मणि त्रिपाठी, ध्रुव नारायण शुक्ला, प्रिंस कुमार शुक्ला, प्रमोद यादव, जियाउद्दीन, संतराम यादव, रमेश चंद, अभिषेक यादव, शशिकांत उर्फ अजय, इजहार अहमद, मोहम्मद यूनुस उर्फ मुन्ना और राजेश यादव ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नरेश उत्तम पटेल ने आशा व्यक्त की है कि इन साथियों के आने से समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी।



