
फोन पर पत्नी कर रही थी बात, पति ने हथौड़े से कर दी हत्या
बागपत- 23 मई। पत्नि द्वारा फोन पर दूसरो से बात करने से परेशान एक पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। हथौड़े से उसके सिर पर इतने वार किए कि पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दिन निकलते ही पत्नी का शव कब्र में दफन कर दिया गया। पुलिस ने एक महीने बाद घटना का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बागपत जिले के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के सैडभर गांव की है। सैडभर गांव के रहने वाले महबूब का विवाह कुछ वर्ष पूर्व मेरठ निवासी शमा के साथ हुआ था। दोनों के पांच बच्चे हैं। शमा को दूसरों से बात करना पसंद था जो महबूब को अच्छा नहीं लगता था। महबूब ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 25 मार्च की रात्रि वह अपनी पत्नी के साथ पड़ोसी की फैक्ट्री में काम कर रहा था। दूसरों से बात करने को लेकर हम दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि महबूब ने फैक्ट्री में रखा हथौड़ा उठाया और पत्नी के सिर पर इतने वार किए कि उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। महबूब ने हत्या को छिपाने के लिए एक बोरे से खून साफ किया और पत्नी की अचानक मौत बताकर सुबह सवेरे मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ पत्नी को कब्र में दफन कर दिया।
मृतक के भाई ने उठाई आवाज, कब्र से निकाला गया शव
शमा की अचानक मौके से उसके परिजनों को गहरा धक्का लगा। शमा के भाई अकरम निवासी मेरठ ने एक प्रार्थना पत्र पुलिस अधीक्षक को देने हुए जांच की मांग की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिंघावली अहीर पुलिस ने शव को कब्र से निकाला और शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पति को जेल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने शमा के पति को हिरासत में ले लिया। शमा के पति महबूब ने हत्या की सारी घटना पुलिस को बता दी जिसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।



