
फिल्म डायरेक्टर इकराम अख्तर पर डेढ़ करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में वारंट जारी
मुरादाबाद- 20 दिसम्बर। मुरादाबाद के बिल्डर से डेढ़ करोड़ रुपये लेकर फिल्म पूरी न करने के आरोपित प्रसिद्ध फिल्म डायरेक्टर इकराम अख्तर के मुकदमे में गैरहाजिर होने के चलते न्यायालय ने आरोपित के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए हैं।
मुरादाबाद के बिल्डर कुलदीप कत्याल ने बताया कि उन्होंने फिल्म निर्देशक आरोपित इकराम अख्तर के खिलाफ वाद दायर कराया था। जिसमें आरोप लगाया था कि इकराम अख्तर ने उनकी फिल्म आई लव दुबई बनाने के एवज में उनसे डेढ़ करोड़ रुपये लिए थे लेकिन पैसे लेने के बाद भी फिल्म पूरी करके नहीं दी। इस मामले में कई बार उनसे कहा गया लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया और हर बार उन्हें टहलाते रहे।
बिल्डर के अधिवक्ता अनुज विश्नोई ने बताया कि जमानत मिलने के बाद फिल्म निर्देशक इकराम अख्तर इस मुकदमे में गैरहाजिर हैं। अदालत ने इकराम अख्तर के गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। मंगलवार को सुनवाई के दौरान न्यायालय ने फिल्म निर्देशक इकराम अख्तर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए हैं।



