
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लालू से जताई सहानुभूति, भाजपा पर कसा तंज
पटना- 18 फरवरी। चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में राजद सुप्रीमो को दोषी करार दिये जाने के बाद कांग्रेस अब उनके साथ सहानुभूति जताने में लगी है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने आज ट्वीट कर लालू यादव पर राजनीति के कारण हमला करने का आरोप भाजपा पर लगाया है।
उन्होंने लिखा है, ”भाजपा की राजनीति का ये अहम पहलू है कि जो भी उनके सामने झुकता नहीं है, उसको हर तरह से प्रताड़ित किया जाता है। लालू प्रसाद यादव पर इसी राजनीति के चलते हमला किया जा रहा है। मुझे आशा है कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।”
प्रियंका के इस ट्वीट को राजद की ओर से रीट्वीट कर उनके समर्थन पर धन्यवाद कहा गया है। राजद की ओर से कहा गया है कि ”शुक्रिया प्रियंका जी, सत्ता तेरा जुल्म बहुत तो हमारी भी तैयारी है, लालू जी के साथ खड़ा एक-एक बिहारी है। लालू जी सदा उनसे लड़े हैं जो लोगों को दबाते हैं, सताते हैं और आपस में लड़ाते हैं। निसंदेह, देर-सवेर जीत न्याय की ही होगी। हम सब संघियों से डरने वाले नहीं है।”
उल्लेखनीय है कि चारा घोटाला के डोरंडा कोषागार से करीब 139 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़ा मामले में लालू यादव को 15 फरवरी को रांची स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में दोषी ठहराया गया है। इस मामले में उनकी सजा का एलान 21 फरवरी को किया जाएगा। लालू यादव इन दिनों रांची के रिम्स पुलिस सुरक्षा में उपचाररत हैं ।



