
पूर्व MLC शिव प्रसन्न यादव का निधन, CM ने जताया शोक
पटना- 04 फरवरी। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता और सीवान के एमएलसी रह चुके शिव प्रसन्न यादव का आज निधन हो गया। वह लम्बे समय से पटना के निजी अस्पताल में इलाजरत थे, जहां शुक्रवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
शिव प्रसन्न यादव की पैतृक गांव सीवान के हडसा टाली में तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें पटना के पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। लंबे समय से उनका इलाज किया जा रहा था लेकिन शुक्रवार को इलाज के क्रम में ही उनका निधन हो गया । वे सीवान से लगातार दो बार जदयू कोर्ट से एमएलसी रहे थे।
शिव प्रसन्न यादव के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक संवेदना जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि स्व. शिव प्रसन्न यादव एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। वे मृदुभाषी एवं बेहद मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीति क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने स्व. शिव प्रसन्न यादव के पुत्र से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री के अलावा सीवान जिले के कई बड़े नेता और समाजसेवी ने भी इनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।



