
पूर्व IPS और जेपीएससी अध्यक्ष अमिताभ चौधरी का निधन
रांची- 16 अगस्त। पूर्व आईपीएस अधिकारी और जेपीएससी अध्यक्ष अमिताभ चौधरी का निधन हो गया। उनका निधन मंगलवार तड़के तीन बजे रांची के सेंटेविटा अस्पताल में हुआ। उनके आवास पर फिसलकर गिरने के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया। उन्हें तत्काल सेंटेविटा हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि अमिताभ चौधरी का जन्म 06 जुलाई, 1960 को हुआ है। वर्ष 1984 में आईआईटी खड़गपुर से बीटेक की डिग्री हासिल करने के बाद 1985 में आईपीएस बने। इसके बाद उन्हें बिहार कैडर मिला। अमिताभ चौधरी 1997 में रांची के एसएसपी बनाए गए थे। उन्होंने अपनी क्षमता, सूझबूझ व बेहतर टीम की बदौलत रांची की जनता के बीच से अपराधियों का खौफ खत्म किया, जिसे लोग आज भी याद करते हैं। इसके बाद 29 अक्टूबर, 2020 को उन्हें झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) का अध्यक्ष बनाया गया था।
2005 में झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बने
अभिताभ चौधरी ने क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धौनी के टीम इंडिया में पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। चौधरी 2002 में बीसीसीआई के मेंबर बने और 2005 में झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बने। वे 2003-2009 के दौरान टीम इंडिया के मैनेजर बने। वर्ष 2014 में लोकसभा का चुनाव लड़ने के लिए अमिताभ चौधरी ने गृह विभाग में विशेष सचिव (एडीजी रैंक) के पद से वीआरएस ले लिया था। झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के टिकट पर चुनाव लड़े और 67 हजार वोट लाकर चौथे स्थान पर रहे।



