
पीएम व गृहमंत्री को अपशब्द कहने वाले नैतिकता की बात न करें : शाहनवाज हुसैन
पटना- 24 मार्च। बिहार विधानसभा में गुरुवार को मुकेश सहनी की पार्टी से भाजपा में गए विधायकों का मामला गरमाया रहा। भाजपा के विधायक मुकेश सहनी से इस्तीफा मांग रहे हैं। मुकेश सहनी की नैतिकता वाले बयान पर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने पलटवार किया है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा रहने के बाद भी प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को अपशब्द कह सकता है,वो हमारे लिए कुछ भी कह सकता है। नैतिकता सभी के लिए होती है। सिर्फ एक के लिए नहीं होती है। सहनी ने भाजपा के नैतिकता को लेकर सवाल उठाया था।
उद्योग मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम उन सभी लोगों के लिए जवाब है जो लगातार हमारे नेतृत्व का अपमान कर रहे थे। इसलिए उनके तीनों विधायकों ने वीआईपी को छोड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारा डीएनए तो भाजपा का है। अब भाजपा नम्बर एक की पार्टी है। बोचहां की सीट पर भी शाहनवाज हुसैन ने जीत का दावा किया।
राजद ने कहा,भाजपा की नियति दूसरे दलों को मिलाओ
दूसरी ओर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा है कि भाजपा की यह नियति ही रही है कि छोटे दलों को तोड़ो और अपने में मिलाओ। मुकेश सहनी से भी कुछ गलतियां हुई है। उन गलतियों को उनसे सबक लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आगे उनको क्या करना है। अब यह सोचना ज्यादा जरूरी है। भाजपा की ओर से इस्तीफे की मांग पर राजद विधायन ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। यह फैसला तो मुख्यमंत्री को ही लेना है।
राजद विधायक मुकेश रौशन ने वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के तीनों विधायक का भाजपा में विलय के बाद कहा कि यह लोग जोड़तोड़ की राजनीति करते हैं। पिछली बार मुकेश सहनी ने कहा था कि तेजस्वी यादव ने पीठ में खंजर घोंपा था। अब क्या भाजपा वाले ने भाला घोंपा तो दर्द नहीं हो रहा है। मुकेश सहनी की कोई उपयोगिता रही नहीं,उनका रिचार्ज खत्म हो गया। हमको तो लगता है अब नीतीश कुमार को भी पद से हटाने के लिए भाजपा के लोग लगे हुए हैं और अगला निशाना नीतीश कुमार ही है।
इससे पहले सदन के बाहर भाजपा विधायक हरि भूषण ठाकुर बचौल ने नैतिकता के आधार पर मुकेश सहनी से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि उनको नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। हरिभूषण ठाकुर बचोल ने जदयू पर भी प्रहार करते हुए कहा कि बेगूसराय में जनता दल यू के द्वारा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का पुतला दहन किया गया,जो बहुत गलत हुआ है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पुतला दहन किया है, उनकी बुद्धि पर तरस आती है।



