भारत

पाकिस्तान की सीमा पर सैनिकों के बीच दिवाली मनाएंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली-04 नवम्बर। पीएम नरेंद्र मोदी हर साल की तरह इस बार भी जवानों के साथ दीपावली मनाने के लिए पाकिस्तान की सीमा पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री इस बार जम्मू-कश्मीर में नौशहरा सेक्टर के अग्रिम क्षेत्र में सेना के जवानों के बीच दिवाली मनाएंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है ,जब पिछले 24 दिनों से पुंछ में मुठभेड़ चल रही है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद यह दूसरा मौका है, जब पीएम राजोरी जिले में दिवाली मनाएंगे। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे पहले से ही जम्मू क्षेत्र के दौरे पर हैं। इसलिए वह भी दिवाली के जश्न में प्रधानमंत्री के साथ शामिल हो सकते हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी 2014 से हर साल दीपावली का त्योहार सैनिकों के साथ मनाने के लिए देश के किसी न किसी बॉर्डर पर जाते हैं। पीएम मोदी इस दौरान जवानों से मुलाकात करते हैं, उनके साथ वक्त बिताते हैं और मिठाई खिलाते हैं। पीएम मोदी ने इससे पहले 2014 में सियाचिन, 2015 में अमृतसर, 2016 में हिमाचल, 2017 में जम्मू-कश्मीर में एलओसी पर जवानों के बीच जाकर दिवाली मनाई है। प्रधानमंत्री ने 2018 में उत्तराखंड के चमोली जिले में भारत-चीन सरहद पर माणा में तैनात भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।

जम्मू-कश्मीर से 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद प्रधानमंत्री ने राजोरी जिले के नौशहरा सेक्टर के अग्रिम क्षेत्र में तैनात जवानों के बीच दिवाली मनाई थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने जवानों के शौर्य और पराक्रम की सराहना करने के साथ ही दिवाली के पर्व पर शुभकामनाएं दीं। राजोरी से लौटते वक्त पीएम मोदी ने पठानकोट एयरबेस पर एयर वॉरियर व अन्य कर्मियों संग दिवाली मनाई थी। पीएम मोदी ने पठानकोट एयरबेस में लड़ाकू विमानों का भी जायजा लिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल भी पाकिस्तान से लगी जैसलमेर (राजस्थान) के लोंगेवाला सीमा पर जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। उन्होंने उस दौरान जिस अर्जुन टैंक पर सवारी की थी, उसके उन्नत संस्करण स्वदेशी मुख्य युद्धक टैंक अर्जुन एमके वन- ए टैंकों की आपूर्ति के लिए 23 सितम्बर को एचएएल को ऑर्डर दिया जा चुका है। प्रधानमंत्री इस बार पाकिस्तान की सीमा पर जम्मू-कश्मीर में नौशहरा सेक्टर के जिस अग्रिम क्षेत्र में दिवाली मनाएंगे, यह वही जगह है जहां 1947 में पाकिस्तान की शह पर कबायलियों ने दीपावली के दिन ही राजौरी जिले पर हमले के बाद मारकाट मचाकर सैकड़ों लोगों को शहीद कर दिया था। स्थानीय लोगों और सेना ने इस हमले का बहादुरी से सामना किया था। 12 अप्रैल,1948 तक चली कार्रवाई में सेना ने कबायलियों को खदेड़ राजौरी को वापस लिया था। दीपावली के दिन राजौरी में हर साल कबायली हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है। प्रधानमंत्री दोपहर एक बजे तक जवानों के साथ रहेंगे। पीएम के आने की सूचना से जवान भी बेहद उत्साहित हैं। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

प्रधानमंत्री के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत, सेना प्रमुख एमएम.नरवणे भी शामिल हो सकते हैं। जनरल नरवणे पहले से ही जम्मू क्षेत्र के दौरे पर हैं। उन्होंने आज जम्मू क्षेत्र में अग्रिम इलाकों की हवाई टोही की। उन्हें कमांडरों ने नियंत्रण रेखा पर मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में भी जानकारी दी। भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे और सिख लाइट इन्फैंट्री के कर्नल ने नौशेरा सेक्टर के अग्रिम क्षेत्रों में तैनात सिख लाइट इन्फैंट्री बटालियन के सैनिकों के साथ दौरा किया। तथा बातचीत की। जनरल नरवणे ने उनके सैनिक उत्साह और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उनकी सराहना की।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button