
न्यू होली मिशन सीनियर सेकंडरी स्कूल में फ़ूड फेस्टिवल का आयोजन
पटना- 26 फरवरी। कहते हैं प्यार से पकाने से आत्मा को भोजन मिलता है और स्वाद का लुत्फ़ अगर बच्चों के हाथ से मिल जाये तो क्या कहने। मौका था न्यू होली मिशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल जहाँ बच्चों द्वारा फ़ूड फेस्ट का आयोजन किया गया था।
इस अवसर पर प्रथम से नवम कक्षा के बच्चों ने काफी उत्साह से भाग लिया। बच्चों ने अपने हाथों से बनाये व्यंजनों का स्टाल लगा रखा था जिसमे मेहमानों का हुजूम उमड़ा पड़ा था।
कहीं समोसे चाट से उठती ख़ुशबू तो कहीं चौमिंग तथा मंचूरियन की सुगंध। लोग तो बस खिंचे चले आ रहे थे। कुछ बच्चों ने गोलगप्पे के स्टाल लगाया था तो कुछ ने देसी लिट्टी चोखा का।बच्चों द्वारा बनाये गए वेज रोल, भेल पूरी , दही पूरी, पावभाजी, टोमेटो सूप आदि सारे व्यंजन अत्यंत स्वादिष्ट रहे।फ़ूड फेस्ट में जितनी डिमांड देसी खाने की रही उतनी ही कॉन्टिनेंटल की भी रही। खाने के बाद मीठे में कस्टर्ड , गुलाब जामुन तथा जलेबियां थी पर बाज़ी गाजर के हलवे ने मारा।कुल मिला कर बच्चों ने अपनी पाककला का बेहतरीन प्रदर्शन किया था। मज़े की बात तो ये रही कि लड़के भी लड़कियों से होड़ लगाए हुए थे। इस अवसर पर प्राचार्या ने बच्चों की भूरि भूरि प्रशंसा की तथा मेले का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।



