
नोटबंदी BJP का तुगलकी फैसला था, सपा ने नोटबंदी दिवस की वर्षगांठ पर पदयात्रा निकाल कर मनाया काला दिवस
वाराणसी- 08 नवम्बर। नोटबन्दी दिवस के वर्षगांठ पर सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता केन्द्र सरकार के खिलाफ मुखर रहे। नोटबंदी दिवस को काला दिवस मनाते हुए समाजवादी व्यापार सभा के कार्यकर्ताओं ने बांह में काला पट्टी एवं हाथ में नोटबन्दी के विरोध में लिखी तख्तियां लेकर पदयात्रा की।
सपा के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने बुलानाला,नीचीबाग रोड डाकघर से पार्टी झंडा दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। पदयात्रा बुलानाला, मैदागिन, विशेश्वरगंज, मछोदरी होते हुए पुनः नीचीबाग पर आकर समाप्त हुई। पदयात्रा में शामिल व्यापार सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने नोटबन्दी को देश और विशेषकर व्यापारी समाज को तबाह और बर्बाद करने वाला भाजपा का तुगलकी फैसला बताया। महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कहा कि आज के दिन 5 साल पहले 500 और 1000 रुपए के नोट जो चलन में थे, उसको प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी द्वारा चलन से बाहर करने का फरमान रात को 8 बजे दिया था। इस फैसले से छोटे, मध्यम व बड़े, हर वर्ग के व्यापारी बर्बाद हुए हैं। पदयात्रा की अगुवाई सभा के महानगर अध्यक्ष रवि जायसवाल ने किया। इसमें वीरू गुप्ता,प्रदीप वर्मा, सत्येन्द्र प्रताप सिंह, रवि यादव, जितेन्द्र यादव, जावेद अंसारी, सुमित जायसवाल आदि शामिल रहे।



