
नीतीश मंत्रिमंडल में कुर्मी को ताज और यादवों का राज
पटना- 16 अगस्त। बिहार में महागठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार मंगलवार को हो गया है। नीतीश मंत्रिमंडल के कुल 31 मंत्रियों ने आज राजभवन के राजेन्द्र मंडप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मंत्रियों की सूची को देखा जाए तो इसमें जातीय समीकरण के हिसाब से यादव सरकार भी कहा जा सकता है। क्योंकि, 31 मंत्रियों में यादव जाति से कुल आठ मंत्रियों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है।
सबसे ज्यादा यादव बिरादरी से मंत्री बनने के कारण यह भी कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार को मंत्री बनाकर कुर्मी को ताज और यादवों की भरमार वाली स्थिति है। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को जोड़कर कुल 33 लोग मंत्रिमंडल में शामिल हैं।
महागठबंधन की इस नई सरकार में यादव के कुल आठ मंत्री बनाये गये हैं। मुस्लिम समुदाय से पांच,अनुसूचित जाति से पांच, अतिपिछड़ा से चार (इसमें से एक धुनिया पसमंदा मुस्लिम), कुशवाहा समाज से दो, कुर्मी से दो, राजपूत से तीन, भूमिहार से दो, ब्राह्मण से एक, जबकि वैश्य समाज से एक मंत्री बनाये गये हैं। यादव जाति से आने वाले मंत्रियों में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, सुरेन्द्र यादव, रामानंद यादव, ललित यादव, प्रो. चन्द्रशेखर यादव, जितेन्द्र कुमार राय और बिजेंद्र यादव शामिल हैं।



