
नाबालिग से गैंग रेप मामले में 4 आरोपित गिरफ्तार
जोधपुर- 28 जनवरी। जिले की ग्रामीण पुलिस ने सात महीने पहले एक नाबालिग छात्रा का अपहरण कर गैंग रेप करने के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। ये चारों आरोपित घटना के बाद भाग निकले थे। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश में थी। जांबा पुलिस ने अब इन्हेंं गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण एसपी अनिल कयाल ने बताया कि बीते साल 15 जून को पीडि़ता के पिता ने जाम्बा पुलिस थाने में नाबालिग बेटी से गैंगरेप का मामला दर्ज कराया था। पिता की शिकायत के मुताबिक चारों आरोपित उसकी नाबालिग बेटी को घर से उठा कर ले गए थे और सामूहिक बलात्कार को अंजाम दिया था। पिता ने आरोप लगाया था कि भीखाराम,बुधाराम,रोहित एवं दिनेश नाम के आरोपित उसकी बेटी को एक बोलेरो कार में उठा ले गए थे। अगले दिन वे बेटी को सुनसान जगह छोड़ गए। पुलिस ने घटना के बाद पीडि़ता के बयान भी दर्ज किए। इसके बाद चारों आरोपितों की तलाश शुरू की, लेकिन वे फरार हो गए। अब जाम्बा पुलिस की विशेष टीम ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।



