भारत

देश का गरीब कह रहा है, फिर एक बार मोदी सरकार: मोदी

जगदलपुर /रायपुर- 08 अप्रैल। बस्तर जिले के भानपुरी से लगे आमाबाल गांव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को छत्तीसगढ़ में भाजपा की विजय संकल्प शंखनाद रैली का आगाज किया। इस मौके पर आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, भाजपा ने गरीबों के लिए क्या किया, इसका उदाहरण बस्तर है। बस्तर से ही आयुष्मान योजना की शुरुआत की थी। जो देशभर में सस्ता इलाज, सस्ती जांच का केंद्र बना। प्रधानमंत्री ने कहा, 11 हजार से ज्यादा जन औषधि केंद्र खोले हैं। उन पर 80 प्रतिशत छूट के साथ दवाइयां मिलती हैं। इससे गरीबों को 30 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है।

मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी मोदी का सिर फोड़ने की धमकी दे रहे हैं। मोदी इन धमकियों से डरने वाला नहीं है। मोदी ने भ्रष्टाचार खत्म किया, उन्होंने भ्रष्टाचार बढ़ाने का काम किया। मैं कहता हूं भ्रष्टाचार से देश को बचाओ, वो (विपक्ष) कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों को बचाओ। आज के समय विपक्षी गठबंधन चुनावी रैली नहीं कर रहे, बल्कि विपक्षी नेताओं को बचाने में जुटे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में भ्रष्टाचार देश की पहचान बन गई थी। कांग्रेसियों को लगा की लूट का लाइसेंस मिल गया है, लेकिन 2014 में सरकार में आने के बाद मोदी ने कांग्रेस की लूट का लाइसेंस ही कैंसिल कर दिया है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर आज कड़ी कार्रवाई हो रही है। उनकी तेजी से जांच हो रही है।

मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने 10 साल में 34 लाख करोड़ रुपये लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजे हैं। दिल्ली से एक रुपया भेजा, पूरे 100 पैसे गरीब के खाते में जामा हो गए। जब डायरेक्ट पैसा गया तो एक भी रुपया कांग्रेस लूट नहीं पाई। अगर देश में कांग्रेस सरकार होती तो गरीबों के 34 लाख करोड़ रुपये और राजीव गांधी वाला हिसाब लगाऊं तो 28 लाख करोड़ रुपये लूट लेते, 34 लाख करोड़ में से 28 लाख करोड़ रुपए गायब हो जाते।

मोदी ने कहा कि 3 करोड़ बहनों को लखपति बनाने का फैसला किया है। आदिवासी समाज का उत्थान करना है। छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा एकलव्य कॉलेज है। पीएम जनमन योजना शुरू की गई, इससे आदिवासियों के जीवन को बेहतर बनाया जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत 18 लाख गरीबों के आवास की स्वीकृति दी गई। छत्तीसगढ़ में रामलला दर्शन योजना शुरू की गई। छत्तीसगढ़ पीएससी घोटाले की जांच शुरू की गई। आयुष्मान योजना की शुरुआत की गई। पूरे विश्व में 140 करोड़ भारतीयों का मान सम्मान बढ़ाने का काम पीएम मोदी ने किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी की गारंटी से देश में विकास हो रहा है। हम इन योजनाओं के बल पर छत्तीसगढ़ लोकसभा की सभी 11 सीटें जीतेंगे।

उल्लेखनीय है कि बस्तर में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान होना है। बस्तर से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा हैं। भाजपा ने महेश कश्यप को उम्मीदवार बनाया है। इस समय बस्तर में कांग्रेस का सांसद है लेकिन साल 2023 के विधानसभा चुनाव के बाद बस्तर की 9 विधानसभा सीटों में से 6 विधानसभा सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button