
क्राइम
देवरिया: ट्रक की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी व एक पुत्र घायल
देवरिया- 09 नवम्बर। बरहज थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल है। थाना प्रभारी टीजे सिंह ने बताया कि मईल थाना क्षेत्र के ग्राम नरियांव निवासी दुर्गेश कुमार (35 ) की बरहज थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़या हरदो गांव के रहने वाले रामबिलास प्रसाद के घर ससुराल है। दुर्गेश मोटर साइकिल से परिजनों के साथ ससुराल आए थे। वह रामजानकी मार्ग पर एक ट्रक की चपेट में आ गए। घटना में दुर्गेश और उनके पांच साल के पुत्र आर्यन कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी राजकुमारी (30) और एक वर्षीय पुत्र वीर कुमार गंभीर रूप से घायल है। घटना की जानकारी पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने पिता-पुत्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



