
दूध के लिए खूनी संघर्ष, तीन जख्मी
मुरैना- 22 दिसम्बर। बागचीनी थाना क्षेत्र के वीरमपुरा गांव में दो दूध व्यापारियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इसके बाद दोनों एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए। बुधवार को दोनों व्यापारियों के बीच गोलीबारी हुई। जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुँच गयी और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
बताया जाता है कि वीरमपुरा गांव निवासी लंकेश शर्मा और मोहर सिंह जाटव गांव में दूध का व्यापार का करते हैं। दोनों पशु पालकों से दूध खरीदकर उसका व्यापार करते हैं। मोहर सिंह जाटव ने कुछ दिन पहले पशु पालकों को दूध की अधिक कीमत देते हुए उन्हें दूध देने के लिए राजी कर लिया था। इसकी जानकारी जब लंकेश शर्मा को लगी तो दोनों व्यापारियों के बीच दूध के दाम को लेकर जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि लंकेश शर्मा की ओर से 20 से 30 लोगों ने मोहर सिंह के घर पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों में पहले मारपीट हुई फिर पथराव हुआ। घटना के बाद मोहर सिंह अपने परिवार के लोगों को लेकर बागचीनी थाने के लिए रवाना हुआ तो दबंगों ने उन्हें गांव के बाहर लालबांस रोड पर घेर लिया और गोलियां चला दीं। गोली लगने से काशीराम जाटव,राजेश जाटव और उनका बेटा पुरुषोत्तम जाटव घायल हो गया। वहीं लाठी और पथराव के हमले से तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। गोली लगने से घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है। इसके साथ ही लंकेश शर्मा को गोली लगने के बाद गंभीर रूप से जौरा अस्पताल ले जाया गया,जहां उपचार के बाद लंकेश को जौरा से जिला अस्पताल के लिए रैफर किया गया।



