
दुष्कर्म केस में जेल में बंद आसाराम ने गुजरात हाईकोर्ट में लगायी जमानत याचिका
जोधपुर- 30 अक्टूबर। अपने ही गुरूकुल की छात्रा से यौन शोषण के आरोप में आजीवन जोधपुर जेल में सजा काट रहे आसाराम ने अब दुष्कर्म मामले में गुजरात हाईकोर्ट में जमानत याचिका लगाई है। इसमें अपनी बीमारी का हवाला दिया है। उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए जोधपुर केंद्रीय कारागार अधीक्षक से मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई है। यह बता दें कि राजस्थान हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट आसाराम की खराब सेहत को आधार बनाकर दायर की गई जमानत याचिकाएं खारिज कर चुके हैं।
अहमदाबाद के पास आसाराम के आश्रम की एक पूर्व सहयोगी ने उस पर रेप करने का मामला दर्ज करा रखा है। इस मामले में उसको पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, उसे जोधपुर के एक आश्रम में अपने गुरुकुल की नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीडऩ मामले में कोर्ट ने दोषी करार देते हुए मरते दम तक जेल की सजा सुना रखी है। इस कारण आसाराम जोधपुर जेल में बंद है।
खराब सेहत को लेकर कई बार लगाई जमानत याचिकाएं:
जोधपुर से जुड़े मामले में जमानत हासिल करने के लिए अपनी खराब सेहत का हवाला देते हुए आसाराम करीब 15 बार लोअर कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट से जमानत देने की गुहार लगा चुका है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट एम्स के मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर उसकी जमानत याचिका खारिज कर चुके हैं।
गुजरात हाईकोर्ट पहुंचा, सुनवाई अब 26 को:
यौन शोषण के आरोप में सजा भुगत रहे आसाराम ने गुजरात हाईकोर्ट के जरिए मेडिकल आधार पर जमानत हासिल करने का प्रयास किया है। आसाराम की जमानत याचिका पर गुजरात हाईकोर्ट ने जोधपुर जेल अधीक्षक से उसकी मेडिकल रिपोर्ट तलब की है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही आसाराम की जमानत याचिका के बारे में फैसला किया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी।



