
दिल्ली के खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान: केजरीवाल
नई दिल्ली, 25 नवंबर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया है। ऐसे में दिल्ली सरकार इन खिलाड़ियों के साथ खड़ी है।
केजरीवाल ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा कि टोक्यो ओलम्पिक में भारत के लिए मेडल लाने वाले रवि दहिया समेत दिल्ली के 6 खिलाड़ियों को उन्होंने सम्मानित किया। केजरीवाल ने कहा कि रवि को 2 करोड़ रुपये की सम्मान राशि एवं खेल विभाग में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया।
उल्लेखनीय है कि भारतीय पहलवान रवि कुमार दहिया ने टोक्यो ओलंपिक की कुश्ती प्रतियोगिता के पुरुषों के 57 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीता था। जिसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री ने उन्हें 02 करोड़ रुपये का चेक देकर अपना वादा पूरा किया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पहले की घोषणा की थी कि दिल्ली का कोई भी खिलाड़ी अगर टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक लाएगा तो उसे 3 करोड़, रजत पदक लाने वाले को 2 करोड़ एवं कांस्य पदक जीतने वाले को एक करोड़ रुपये की राशि देकर दिल्ली सरकार सम्मानित करेगी।



