
दादा की हत्या के आरोप में कलयुगी पोते समेत 3 गिरफ्तार
पूर्व मेदिनीपुर- 17 जुलाई। पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में अपने बूढ़े दादा की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक कलयुगी पोते समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वृद्ध की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने सोमवार सुबह शूलानी गांव के घर से एक बुजुर्ग पतित पावन सेनापति (85) का शव बरामद किया। उनकी 75 वर्षीय पत्नी चंपारणी सेनापति भी गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। कथित तौर पर बुजुर्ग के पोते असीम सेनापति ने इस अपराध को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपित पोते और उसकी पत्नी समेत कुल तीन लोगों को वृद्ध की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। खबर लिखे जाने तक गिरफ्तार लोगों से कोलाघाट बिट हाउस थाने की पुलिस पूछताछ कर रही है।
शुरुआती तौर पर पुलिस और स्थानीय सूत्रों से पता चला है कि असीम सेनापति नाम का शख्स देर रात घर में घुसा था। असीम ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपने दादा और दादी की पिटाई कर दी। अपने दादा के सिर पर असीम ने किसी भारी वस्तु से वार कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वृद्ध की पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में घर में पड़ी हुई थी।
पुलिस को मामले की सूचना दी गई। कोलाघाट बीट हाउस थाने की पुलिस ने घटनास्थल से वृद्ध का शव अपने कब्जे के ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई। स्थानीय लोगों से पूछताछ में वृद्ध के पोते का नाम सामने आया। कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि युवक ने पहले भी कई बार वृद्ध दंपति की पिटाई की थी।



