भारत

त्रिपुरा उपचुनाव: 3 सीटों पर खिला कमल, कांग्रेस को मिली एक सीट,वाम मोर्चा ध्वस्त

अगरतला- 26 जून। त्रिपुरा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने जीत के सिलसिले को बरकरार रखा है। सत्तारूढ़ दल ने चार सीटों में से तीन पर जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस पार्टी को भी एक सीट पर जीत मिली है। हालांकि, वाम मोर्चा को एक भी सीट नहीं मिली। बल्कि, सूरमा विधानसभा क्षेत्र में माकपा तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। जनजाति आधारित क्षेत्रीय पार्टी तिपरा मोथा ने माकपा को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया है। इससे साफ है कि इस उपचुनाव में भी वाम मोर्चा को करारी हार का सामना करना पड़ा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मानिक साहा ने 8 नंबर टाउन बारादावली विधानसभा क्षेत्र से 6104 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार आशीष कुमार साहा को हराया है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. साहा को 17181 और कांग्रेस प्रत्याशी आशीष कुमार साहा को 11077 वोट मिले है। आशीष ने 2018 में विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर जीता था। हालांकि, सुदीप बर्मन के साथ उन्होंने भी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। हाल ही में बिप्लब कुमार देव ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। फिर डॉ. माणिक साहा को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने उपचुनाव में भारी अंतर से जीत हासिल की है। इससे पहले उन्होंने राज्यसभा चुनाव जीता था। हालांकि, यह पहली बार है जब उन्हें आम मतदाताओं ने चुना है। आज उन्होंने 18.34 फीसदी वोटों के अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार को हराया है। उन्हें 51.63 फीसदी और कांग्रेस उम्मीदवार को 33.29 फीसदी वोट मिला है।

6 नंबर अगरतला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सुदीप रॉय बर्मन ने 3163 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी को 17431 और भाजपा प्रत्याशी डॉ. अशोक सिन्हा को 14268 मत मिले है। सुदीप ने 2018 में भाजपा उम्मीदवार के रूप में इस से सीट जीत हासिल किया था। इसके बाद वे भाजपा गठबंधन सरकार में स्वास्थ्य मंत्री भी बने थे। लेकिन, डेढ़ साल के भीतर उन्होंने अपना मंत्रालय खो दिया। वह हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इससे पहले उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। उप चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. अशोक सिन्हा को 7.89 फीसदी वोट के अंतर से हराया है। उन्हें 43.46 फीसदी और भाजपा प्रत्याशी को 35.57 फीसदी वोट मिला है।

57 नंबर युवराजनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार मोलिना देबनाथ ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वाम मोर्चा के उम्मीदवार सैलेंद्र चंद्र नाथ को 4572 मतों के अंतर से हराया। भाजपा उम्मीदवार मोलिना देबनाथ को 18769 और माकपा उम्मीदवार सैलेंद्र चंद्र देवनाथ को 14197 वोट मिले है। युवराजनगर विधानसभा क्षेत्र से 2018 में माकपा ने जीत हासिल किया था। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रामेंद्र चंद्र देवनाथ यहां से विधायक चुने गये थे। हालांकि, उनके निधन के कारण उस उपचुनाव हुआ।

युवराजनगर निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की भारी जीत जिसे माकपा का गढ़ कहा जाता था यह साबित कर दिया है कि त्रिपुरा में वाम मोर्चा के अस्तित्व का संकट और अधिक विकराल रूप ले चुका है। भाजपा उम्मीदबार ने उपचुनाव मे 12.63 फीसदी वोट के अंतर से जीत हासिल की है। उन्हे 51.83 फीसदी और माकपा उम्मीदवार को 39.2 फीसदी वोट मिला है।

46 नंबर सुरमा विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार स्वप्ना दास (पाल) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बाबूराम सतनामी को 4583 मतों के अंतर से हराया है। उन्हें 16677 वोट मिले है। वहीं तिपरा मोथा के प्रत्याशी बाबूराम सतनामी को 12094 और वाम मोर्चा समर्थित माकपा प्रत्याशी अंजन दास को 8415 वोट मिले है। गौरतलब है आशीष दास ने 2018 में इसी विधानसभा क्षत्र से भाजपा के टिकट पर जीत हासिल किया था। लेकिन, उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए विधायक पद से बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि, उपचुनाव में भाजपा इस सीट पर फिर से जीत बरकरार रखने में सफल रही है। भाजपा उम्मीदबार ने 11.64 फीसदी वोट के अंतर से जीत दर्ज की है। उन्हे 42.34 फीसदी, तिपरा मोथा के प्रत्याशी को 30.7 फीसदी और माकपा के उम्मीदबार को 21.36 फीसदी वोट मिले हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button