
तबादला के विरोध में आत्महत्या का प्रयास करने वाले 5 शिक्षकों ने थामा तृणमूल का झंडा
डायमंड हार्बर (दक्षिण 24परगना) 21 नवंबर। अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में अपने स्थानांतरण के विरोध में कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास करने वाले पांच शिक्षकों सहित शिक्षक नेता मैदुल इस्लाम आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
रविवार को डायमंड हार्बर में तृणमूल नेता ब्रात्य बसु की उपस्थिति में दो दिन पूर्व तक सरकार का विरोध करने वाल शिक्षक नेता मैदुल इस्लाम और आत्महत्या करने की कोशिश करने वाले पांचों शिक्षक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। सभी को पार्टी का झंडा थमाकर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। आत्महत्या करने की कोशिश करने वाले पांचों शिक्षकों के राजनीति में आने की पहले ही अटकलें लग रही थीं। इसके अलावा राज्यभर में शिक्षक एक्य मुक्तमंच के तीन सौ सदस्य और दक्षिण 24 परगना से दो हजार सदस्य तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इस मौके पर शिक्षक नेता मैदुल इस्लाम ने कहा कि मैंने पेशेवर रूप से लड़ाई लड़ी। हमने सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए आंदोलन किया है लेकिन सरकार ने आंदोलन से नहीं बल्कि बातचीत के मध्यम से बात कहने कही है। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी के आह्वान पर मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का हाथ मजबूत करने के लिए तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा हूं। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने बुधवार या गुरुवार को वार्ता का समय दिया है।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने 18 अगस्त को शिशु शिक्षा केंद्र (एसएसके) के पांच शिक्षकों को स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया था। इसका शिक्षक एक्य मुक्त मंच ने विरोध किया था। सरकार के उनके स्थानांतरण रद्द न करने पर 24 अगस्त को आंदोलनरत पांच शिक्षकों ने विकास भवन के सामने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। इस पर पुलिस ने पांचों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।



