
डबल इंजन की सरकार में मनरेगा के मजदूरों का पैसा रोके रहते थे भाजपा के लोग : श्रवण कुमार
पटना- 17 अगस्त। जदयू प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के दरबार के बाद पत्रकारों से बातचीत में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बुधवार को भाजपा के नेताओं पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग क्या बयान दे रहे हैं उसे मैंने नहीं देखा है और न ही पढ़ा है, लेकिन कोई जब उनके साथ रहता है तो मंगल राज होता है और जो उनके विरोध में रहेगा या उनके हटते ही जंगलराज हो जाता है। जिन राज्यों में उनकी सरकारें हैं क्या वहां आपराधिक घटनाएं नहीं होती हैं?
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरी निष्ठा और विश्वास के साथ न्याय के साथ विकास और प्रगति का काम अनवरत चलता रहेगा। सात निश्चय योजना जब लागू की गई थी तब इन लोगों ने ही सवाल उठाया था कि पैसा कहां से आएगा? आज दलित समुदाय के गांवों में गली-नाली बन रहे हैं, हर घर, नल का जल पहुंच रहा है। भाजपा के लोग डबल इंजन की सरकार बोलते थे और मनरेगा के मजदूरों का पैसा डेढ़-डेढ़ माह तक रोके रहते थे। उनकी यह कार्रवाई बिहार के गरीबों के हित में कैसे कही और मानी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में सबसे बड़ा सवाल रोजगार का है। मुख्यमंत्री ने एक वर्ष में 20 लाख रोजगार की व्यवस्था करने को कहा है। भाजपा ने 8 वर्ष पूर्व एक करोड़ नौकरी प्रति वर्ष देने की बात की थी। आज तक उन्होंने कितनी नौकरी दी, इससे उन्हें देश को अवगत कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी चुनौतियां आएंगी उनका डटकर मुकाबला किया जाएगा।
मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य में शराबबंदी सख्ती से लागू हो रही है। शराबबंदी तोड़ने वालों पर सख्ती से नकेल कसी जा रही है। शराबबंदी का निर्णय दोनों सदनों द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय है। हम लोग प्रदेश में शराब का कारोबार करने वाले बाहरी लोगों पर भी लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रहे हैं। लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज ने कहा कि मैं विभाग को समझ रहा हूं। विभाग का प्रयास होगा कि स्वीकृत योजनाएं पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय से पूरी हों और आवश्यकतानुसार योजनाओं का त्वरित चयन हो।
कार्यकर्ताओं के दरबार में मंत्रियों ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान किया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बाद में मंत्रियों ने जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस मौके पर मुख्यालय प्रभारी उपाध्यक्ष डाॅ नवीन आर्य चन्द्रवंशी, महासचिव लोक प्रकाश सिंह एवं अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे।



