
टैक्स रिवाइज के नाम पर 15 हजार की रिश्वत लेते लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार
गाजियाबाद- 04 फरवरी। एंटी करप्शन ब्यूरो की मेरठ यूनिट ने शुक्रवार को नगर निगम के एक लिपिक को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जिसके खिलाफ लिंक रोड थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो के डीआईजी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि वैशाली सेक्टर-4 अजनारा निवासी प्रदीप गुप्ता ने इसकी शिकायत की थी।
शिकायत में कहा गया था कि प्रदीप के मकान, ऑफिस का हाउस टैक्स रिवाइज करने के नाम पर 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। प्रदीप गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी प्रियंका गुप्ता का कार्यालय रामप्रस्थ कॉलोनी में है। गृहकर न बढ़ाने की एवज में यह रकम नगर निगम में गृहकर विभाग के कनिष्ठ लिपिक देवीशरण शर्मा मांग रहा था। इस शिकायत पर एंटी करप्शन ने जाल बिछाया और आज रिश्वत लेते हुए देवीशरण शर्मा को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन ब्यूरो मेरठ यूनिट के इंस्पेक्टर अशोक कुमार शर्मा ने देवीशरण शर्मा के खिलाफ थाना लिंक रोड में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी को मेरठ स्थित एन्टी करप्शन अदालत में शनिवार को पेश किया जाएगा।



