
टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी से बिहार उद्योग का हब बनेगा: शाहनवाज
पटना- 26 मई। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने आज यहां कहा कि बिहार कैबिनेट से बिहार टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी 2022 को मंजूरी मिलने से अब टेक्सटाइल और लेदर उद्योगों में बिहार में तेजी से विकास होगा। इस पॉलिसी में कई तरह के प्रावधान हैं, जिससे देशभर के टेक्सटाइल और लेदर उद्योग से जुड़े कारोबारियों, उद्योगपतियों को बिहार में उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उद्योग विभाग से विशेष लगाव है और उनका पूरा सहयोग मिलता रहा है। बिहार टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी 2022 को लेकर भी मुख्यमंत्री नीतीश बेहद उत्साहित हैं और उन्होंने इसे सफल बनाकर बिहार को उद्योग क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ाने का आशीर्वाद दिया है। अंतरराष्ट्रीय कपड़ा और चमड़ा बाजार में जबरदस्त अवसर हैं।
मंत्री ने कहा कि बिहार टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी की मदद से हम भी राज्य के औद्योगिकीकरण और बिहार में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के संकल्प को पूरा करने के साथ बिहार को कपड़ा और लेदर उत्पादन का हब बनाकर देश के मिशन में भी सहभागिता निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि इसमें 5000 रुपये प्रति कामगार रोजगार अनुदान का भी प्रावधान किया गया है, जो औद्योगिक इकाइयों के लिए काफी मददगार साबित होंगी। इसके अलावा ऋण पर 10 प्रतिशत तक का ब्याज अनुदान, एसजीएसटी पर 100 प्रतिशत की छूट, सभी पात्र इकाइयों को प्रति कर्मचारी प्रति वर्ष 20 हजार रुपए का कौशल विकास अनुदान, स्टैम्प शुल्क/निबंधन पर 100 फीसदी की छूट, भूमि सम्परिवर्तन पर भी 100 फीसदी की छूट जैसे कई प्रावधान हैं, जो बिहार में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित करेंगे।



