
जाकिर हुसैन कॉलेज से तीसरी मंजिल से कूदकर छात्रा ने दी जान
नई दिल्ली- 20 सितम्बर। मध्य दिल्ली के मिंटो रोड स्थित जाकिर हुसैन कॉलेज में तीसरी मंजिल से कूदकर छात्रा ने जान दे दी। मृतका की शिनाख्त विशाखा तंवर (20) के रूप में हुई है। पुलिस को छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। उसमें विशाखा ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि छात्रा बीमार रहती थी। उसका इलाज भी चल रहा था। बीमारी की वजह से वह डिप्रेशन का शिकार हो गई थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शायद इसी वजह से छात्रा ने मौत को गले लगा लिया। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद विशाखा का शव परिवार के हवाले कर दिया है। कमला मार्केट थाना पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान ने बताया कि सोमवार शाम रात करीब 8.09 बजे कमला मार्केट थाना पुलिस को सूचना मिली कि कॉलेज की एक छात्रा तीसरी मंजिल से पहुंच गई है। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में मृतका की शिनाख्त गन्नौर, सोनीपत, हरियाणा विशाखा तंवर के रूप में हुई। विशाखा कॉलेज में बीए पॉलिटिकल साइंस ऑनर्स सेकंड ईयर की छात्रा था। इसके परिवार में पिता राजेंद्र तंवर व अन्य सदस्य हैं। विशाखा रोजाना ट्रेन से गन्नौर से कॉलेज आती-जाती थी। पुलिस को इसके पास एक पेज का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में विशाखा ने किसी को मौत का जिम्मेदार नहीं बताया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि सोमवार दोपहर करीब 12.00 बजे विशाखा कॉलेज आई थी। कॉलेज आने के बाद वह शाम करीब 5.00 बजे तीसरी मंजिल पर चली गई। इसके बाद उसने रात करीब आठ बजे नीचे छलांग लगा दी। माना जा रहा है कि इसी वजह से विशाखा ने मौत को गले लगाया।
पुलिस की पूछताछ में छात्रों ने बताया है कि कॉलेज में भी विशाखा की तबीयत ठीक नहीं रहती थी। वह कई बार कॉलेज में बेहोश हो चुकी थी। उसका इलाज चल रहा था, लेकिन वह ठीक नहीं हो रही थी। इसकी वजह से वह काफी परेशान रहती थी। पुलिस विशाखा के क्लासमेट व टीचर्स से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।


