
जम्मू-कश्मीर में दिन और रात के तापमान में तेजी हो रही बढ़ोतरी
जम्मू- 23 मार्च। जम्मू-कश्मीर में शुष्क मौसम जारी है। इस दौरान तेज धूप के चलते प्रतिदिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में दिन और रात के तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो गई है।
इसी बीच श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 1.9 डिग्री और गुलमर्ग में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लद्दाख क्षेत्र में द्रास का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.2 डिग्री, लेह में 0.4 डिग्री एवं कारगिल में शून्य से नीचे 2.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री, कटरा 16.7, बटोत 11.1, बनिहाल 7.8 डिग्री और भद्रवाह में 9.3 दर्ज किया गया।



