
छपरा में मुखिया प्रत्याशी की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग,ड्राइवर की मौत, देवर गंभीर
छपरा/बिहार- 23 नवंबर। जिले में मंगलवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से रसूलपुर चट्टी गुंज उठा। बाईक सवार अज्ञात हथियार बंद अपराधियों ने रसूलपुर पंचायत से मुखिया का चुनाव लड़ रही प्रत्याशी रीता देवी की फाॅर्चुनर गाड़ी के चालक को गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं गाड़ी में बैठे देवर मनोज प्रसाद को भी गोली मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका ईलाज एकमा के निजी नर्सिंग होम में किया गया जहाँ उनकी हालत खतरे से बाहर है वहीं मृतक की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ निवासी प्रदीप पटेल का 25 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार पटेल उर्फ मारूति के रूप में की गयी है,जो रसूलपुर में अपनी मौसी के घर रहता था। तथा चालक का कार्य करता था जिसे अपराधियों ने कनपटी तथा आँख के नीचे गोली मारी है।
उधर घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख एनएच 531 तथा रसूलपुर चैनपुर पथ को जाम कर दिया।स्थानीय लोग अपराधियों की गिरफ्तारी व ब्यवसायियों के सुरक्षा की मांग पर अडिग थे।घटना रसूलपुर चैनपुर पथ पर कनिया मार्केट के समीप की है जब सुबह ब्यवसायी अपनी दुकाने खोल रहे थे। घटना की सूचना पाकर सारण एसपी संतोष कुमार मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तब जाकर 5 घंटे बाद यातायात बहाल हो पाया तत्पश्चात एसपी ने घटनास्थल के इर्द-गिर्द लगे सीसीटीवी खंगालने में लगे थे।



