
चीनी मूल का भारतीय नागरिक काठमांडू से गिरफ्तार, 31 लाख अवैध मुद्रा बरामद
काठमांडू- 17 अक्टूबर। त्रिभुवन अन्तरराष्ट्रीय विमानस्थल से नेपाल पुलिस ने मंगलवार को एक चीनी मूल के भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। वह चीन से अवैध रूप से अवैध विदेशी मुद्रा लेकर काठमांडू आया और दिल्ली के विमान पर चढते समय यह चीनी नागरिक नेपाल पुलिस के हत्थे चढ़ा।
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता डिआईजी कुबेर कडायत ने बताया कि चीन की सिचुआन एयरलाइंस से चीनी मूल का भारतीय नागरिक थिन्ले छोदेन काठमांडू पहुंचा था। इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली जाने के क्रम में विमान पर चढ़ने से ठीक पहले सुरक्षा जांच में उसके पास से अमेरिकी डॉलर, चाइनीज यूआन और भारतीय नोट बरामद हुए। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
काठमांडू एयरपोर्ट पर तैनात नेपाल पुलिस के सुरक्षा प्रमुख अर्जुन चन्द ठकुरी ने बताया कि भारत के धर्मशाला (हिमाचल) में रहने वाले थिन्ले छोदेन के पास से 16,430 अमेरिकी डॉलर, 54,451 आरएमबी और करीब 50 हजार रुपये के भारतीय नोट बरामद किये गए हैं। ठकुरी ने बताया कि बरामद मुद्रा की कीमत नेपाली बाजार में 31 लाख 50 हजार के बराबर है।



