
गांधी मैदान बम विस्फोट:- मोदी की रैली में ब्लास्ट करने वाले गद्दारों को मिली सही सजा: गिरिराज
बेगूसराय- 01 नवंबर। आठ वर्ष पूर्व बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में नरेन्द्र मोदी की हुंकार रैली में हुए सीरियल ब्लास्ट के चार दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कोर्ट का आभार जताया है। उन्होंने विपक्ष पर भी जोरदार हमला किया है।
गिरिराज सिंह ने सोमवार को कहा कि उस दिन की घटना को याद कर आज भी सिहर जाता हूं। मैं भी उस मंच पर था और जीवन में ऐसा सीरियल ब्लास्ट नहीं देखा। हमारे कुछ साथी जीवन से हाथ धो बैठे तो कुछ दिव्यांग हो गए। हमलावरों का निशाना नरेन्द्र मोदी थे। अगर नरेन्द्र मोदी उस मंच पर रहते तो क्या होता यह कहना मुश्किल है। क्योंकि,निशाना नरेन्द्र मोदी को ही बनाया गया था।
गिरिराज सिंह ने कहा कि हिंदुस्तान को किसी भी दूसरे देश से कोई खतरा नहीं है। इसे देश के विदेशी दुश्मनों से भी कोई खतरा नहीं है। हिंदुस्तान को खतरा है तो यहां देश में छुपे हुए देसी गद्दारों से। वह कोई मामूली ब्लास्ट नहीं था। घटना में शामिल गद्दारों को सजा देने के लिए कोर्ट का धन्यवाद। आज देश के करोड़ों देशभक्त कोर्ट का सम्मान कर रहे हैं लेकिन किसी टुकड़े-टुकड़े गैंग ने ब्लास्ट की निंदा नहीं की। पता नहीं उनके लिए देश बड़ा है या गैंग!



