
गरबा खेलने से मना किया तो कर दी हत्या, गिरफ्तार
मुंबई- 29 सितंबर। नवी मुंबई के रबाले एमआईडीसी इलाके के साईबाबा नगर में गरबा खेलने से मना करने पर युवक की हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया है, उसका इलाज जिला शासकीय अस्पताल में हो रहा है। रबाले एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की टीम मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार रबाले इलाके में स्थित साईबाबा नगर में गरबा का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्रि के पहले दिन यानी 26 सितंबर को जब स्थानीय निवासी गरबा खेल रहे थे तो यहां रहने वाला आरोपित जितेंद्र पटवा भी गरबा खेलने गया था। लेकिन जीतेंद्र पटवा आपत्तिजनक नृत्य कर रहा था, जिससे आकाश जायसवाल और उसके दोस्त राशिद खान ने जीतेंद्र को गरबा खेलने से मना किया था। उस समय जीतेंद्र मौके से चला गया था। लेकिन बुधवार रात को आरोपित जीतेंद्र नवरात्रि मंडल में गया। वहां नवरात्रि मंडल के बाहरी परिसर में सो रहे आकाश जायसवाल और राशिद खान को गालियां देकर जगाया। पटवा ने उन दोनों पर अपने साथ लाए हथौड़े से हमला करते हुए पूछा कि मुझे गरबा क्यों नहीं खेलने दिया गया।
हमले में दोनों घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन आकाश जायसवाल की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। जबकि राशिद खान का इलाज चल रहा है।
राबले एमआईडीसी पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और आज उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।



