
खुशखबरी: दीपावली से पहले युपी के सरकारी कर्मियों के वेतन भुगतान का आदेश
लखनऊ- 28 अक्टूबर। त्योहारों को देखते हुए राज्य सरकार ने खाद्य पदार्थों की बढ़ रही कीमतों को रोकने और सरकारी कर्मचारियों के वेतन दिवाली से पहले भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को टीम-9 के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कहा कि दीपावली खुशियों का त्योहार है। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश के सभी सरकारी, अर्धसरकारी, संविदा, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के अक्टूबर माह का वेतन व मानदेय प्रत्येक दशा में एक नवंबर तक भुगतान कर दिया जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल के दिनों में सब्जी, खाद्य तेल, दाल के मूल्य में अनापेक्षित बढ़ोतरी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी इसका एक बड़ा कारक है। प्रदेश भर में सघन अभियान चलाया जाए। ऐसे लोगों को चिन्हित कर कठोरतम कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, आमजन को राहत पहुंचाने के लिए अन्य उपायों पर भी गंभीरता से विचार किया जाए। पटाखों की दुकानें आबादी के बीच नहीं लगाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के लिए पटाखों की दुकान आबादी से दूर लगाया जाना सुनिश्चित कराएं। जहां पटाखों का क्रय-विक्रय हो, वहां फायर टेंडर के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। पुलिस बल की सक्रियता भी बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दृष्टिगत अराजक तत्वों की सक्रियता बढ़ सकती है। बीते एक-दो दिनों में कुछ क्षेत्रों में लूट की घटनाएं भी घटित हुई हैं। ऐसे में पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत हैं। शहरों में ट्रैफिक जाम की स्थिति न हो, इसके लिए फुट पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाए। पुलिस बल सतत गश्त जारी रखे।



