
कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद एवं जिला कलक्टर देर रात पहुंचे मृतक छात्रों के घर
जैसलमेर- 17 फरवरी। अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ, उप निवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता मंत्री शाले मोहम्मद ने फलसूण्ड-शिव मार्ग पर स्कूली मिनी बस दुर्घटना में दो स्कूली छात्रों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है और घायल बच्चों के समुचित इलाज के लिए निर्देश दिए हैं।
इस दुर्घटना में स्कूल बस से जा रहे दो छात्रों 12 वर्षीय हासम खान एवं 14 वर्षीय कासम खान (निवासी पनुवानाड़ा) की मृत्यु हो गई थी तथा 22 छात्र घायल हो गए। इनमें गंभीर रूप से घायल 20 बच्चों का इलाज जोधपुर के एम्स हॉस्पिटल में चल रहा है।
कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद गुरुवार देर रात जिला कलक्टर डॉ. प्रतिभा सिंह, पूर्व जिलाप्रमुख अब्दुल्ला फकीर, उपखण्ड अधिकारी राजेश कुमार तथा तहसीलदार अशोक कुमार के साथ वाहन दुर्घटना में मृत छात्रों के घर पहुंचकर गहरा दुःख जताया एवं परिवारजनों को ढाढस बंधाया।
कैबिनेट मंत्री शाले एवं जिला कलक्टर डॉ. प्रतिभा ने मृतक बच्चों के परिवारजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 1-1 लाख रुपये सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इसके तहत भणियाणा तहसील के पनुवानाड़ा (सोहनपुरा) निवासी मृतक छात्र स्व. कासम खां की माता हयातो तथा स्व. हासम खां के पिता समीरे खां को 1-1 लाख रुपए सहायता राशि के चेक प्रदान किए।
जिला कलक्टर ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने बस चालक जेतपुरा निवासी सुभान खान (30) को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में प्रकरण दर्जकर जांच की जा रही है और बस चालक और स्कूल संचालक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला परिवहन अधिकारी जैसलमेर को भी इस बाबत आवश्यक कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।



