
कुछ लोग पंजाब की शांति भंग करना चाहते हैं: केजरीवाल
नई दिल्ली-23 दिसंबर। लुधियाना कोर्ट में हुए धमाके पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग पंजाब की शांति को भंग करना चाहते हैं। पंजाब के लोगों की जिम्मेदारी है कि ऐसे लोगों के मंसूबों को कामयाब न होने दें। सभी एकजुट रहें।
केजरीवाल ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि बीते दिनों पंजाब में बेअदबी का मामला आया उसके बाद आज कोर्ट परिसर में धमाका हुआ । इससे पता चलता है कि कोई पंजाब कोई अशांत करना चाहता है । उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को एक साथ खड़े रहना चाहिए । पंजाब के तीन करोड़ लोगों की जिम्मेदारी है कि सभी एकजुट रहें और पंजाब में अशांति फैलाने वाले लोगों को कामयाब न होने दें।
उल्लेखनीय है कि पंजाब के लुधियाना कोर्ट परिसर में आज एक धमाका हुआ । इसमें दो लोगों की मौत हो गई है । वहीं चार लोग घायल है । केजरीवाल ने इस धमाके में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की है ।



