ताज़ा ख़बरें

कांग्रेस MLA से बदसलूकी पर पुलिस सब इंस्पेक्टर निलंबित

शिमला,-26 फरवरी। कांग्रेस के युवा विधायक अनिरुद्ध सिंह के साथ बदसलूकी करना पुलिस सब इंस्पेक्टर को महंगा पड़ा। प्रदेश सरकार ने सब इंस्पेक्टर पवन बनयाल को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उसे ड्यूटी से हटाकर लाइन हाजिर भी किया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री द्वारा यह मामला उठाए जाने के बाद सदन को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक के साथ किसी भी तरह के दुर्व्यवहार को उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच एसपी शिमला कर रहे हैं और विभागीय जांच भी इस मामले में हो रही है। उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार की किसी को भी इजाजत नहीं दी जा सकती, चाहे वह पुलिस अधिकारी हो या कर्मचारी। उन्होंने कहा कि व्यवहार में शालीनता जरूरी है।

इसी मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि उन्हें 25 फरवरी को विधायक अनिरुद्ध सिंह की ओर से विशेषाधिकार हनन का मामला प्राप्त हुआ है। यह शिकायत सब इंस्पेक्टर पवन बनयाल के खिलाफ दी गई है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने इस संंबंध में कड़ा संज्ञान लिया है और विधायक की शिकायत को आगामी कार्रवाई के लिए गृह सचिव तथा पुलिस महानिदेशक को भेज दिया है। परमार ने कहा कि यह मामला विधानसभा की विशेषाधिकार हनन कमेटी को भी भेज दिया गया है।

इससे पूर्व, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सदन की बैठक आरंभ होते ही अनिरुद्ध सिंह के साथ पुलिस सब इंस्पेक्टर द्वारा किए गए दुर्व्यवहार का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि संबंधित पुलिस कर्मचारी ने अनिरुद्ध सिंह के साथ न केवल दुर्व्यवहार किया, बल्कि धक्का मुक्की भी की और यहां तक कह डाला कि उसने बहुत से मंत्री और मुख्यमंत्री देखे हैं।

उन्होंने कहा कि इस दौरान अनिरुद्ध सिंह ने अपनी पहचान भी बताई, लेकिन फिर भी पुलिस कर्मी ने अपने व्यवहार में कोई बदलाव नहीं लाया और दुर्व्यवहार जारी रखा। उन्होंने कहा कि ऐसे पुलिस कर्मी के खिलाफ सरकार तुरंत कार्रवाई करे, ताकि विधायक का समाज में सम्मान बना रहे। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी व्यक्तिगत तौर पर दखल की मांग की।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button