
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने पदभार संभाला, पटना में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
पटना- 11 दिसम्बर। बिहार कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने रविवार शाम प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में अपनी नई जिम्मेदारी के रूप में प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले डॉ अखिलेश सिंह के पटना आने पर कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया गया। उनके साथ पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और बिहार प्रभारी भक्त चरण दास भी थे।
पटना एयरपोर्ट पर भारी संख्या में स्वागत के लिए रविवार सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जमा थी। नेताओं एयरपोर्ट से बाहर आते ही समर्थकों ने उनका भव्य समारोह किया। अखिलेश सिंह पटना एयरपोर्ट से खुली जीप में सवार होकर शेखपुरा मोड़ होते हुए जवाहरलाल नेहरू पथ पर नेहरू पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद हड़ताली चौक, हाईकोर्ट मोड़, इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए डाक बंगला चौराहे के रास्ते गांधी मैदान बापू सभागार पहुंचें। वहां इनके लिए स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, विधायक दल के नेता अजित शर्मा, बिहार सरकार में कांग्रेस के मंत्री अफाक आलम और मुरारी गौतम के अलावा पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार और पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थें।



