
भारत
कांग्रेस और अकाली दल ने पंजाब को किया बदहाल: केजरीवाल
नई दिल्ली- 05 फरवरी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब को बदहाल कर दिया है। केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली में कहा कि अगर पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो यहां इंडस्ट्री वापस आएगी। नए स्कूल खोले जाएंगे। अस्पताल बनाए जाएंगे। युवाओं को देश छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार ने दिल्ली में यह सब करके दिखाया है और पंजाब में भी करके दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है। यहां लोग घर-जमीन बेचकर 20-25 लाख रुपये जुटा कर पंजाब छोड़कर विदेश जाने पर मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पंजाब में आई तो भ्रष्टाचार पूर्णरूप से खत्म होगा और पंजाब की जनता आत्मनिर्भर होगी। यहां युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे।



