
एसबीआई की संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स आपके द्वार
पटना- 21 फरवरी। भारतीय स्टेट बैंक अपने ‘एसबीआई फाउंडेशन’ के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका, सामुदायिक विकास आदि जैसे क्षेत्रों में देश के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक विकास परियोजनाओं / कार्यक्रमों को बढ़ावा देता रहा है। इसी क्रम में हाल ही में एसबीआई फाउंडेशन ने कई राज्यों में “एसबीआई संजीवनी-क्लिनिक ऑन व्हील्स” परियोजना शुरू की है। यह परियोजना ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए एक सफल मॉडल साबित हुई है। इस परियोजना का उद्देश्य लोगों के दरवाजे पर प्राथमिक, निवारक, उपचारात्मक और रेफरल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
21 फरवरी 2022 को भारतीय स्टेट बैंक,स्थानीय प्रधान कार्यालय, पटना में बैंक के उप प्रबंध निदेशक एवं कारपोरेट विकास अधिकारी, श्री ओम प्रकाश मिश्रा ने नव भारत जागृति केंद्र के सचिव को संजीवनी मोबाइल क्लिनिक वैन, जिसकी कीमत 73,76,418/- (रुपये तिहत्तर लाख, छिहत्तर हजार चार सौ अठारह रुपये मात्र) है, का सांकेतिक चेक सौंपा।
श्री मिश्रा ने इस अवसर पर नव भारत जागृति केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता प्रदान करना उतना कठिन नहीं है जितना कि प्रत्यक्ष जन सेवा को मूर्त रूप देना। उन्होंने वैन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इससे बोध गया के दूर-दराज क्षेत्र के ग्रामीण इलाके की जनता सीधे रूप में लाभान्वित होगी। मौके पर एसबीआई पटना मंडल के महाप्रबंधक,श्री मृगांक जैन एवं श्री मनोज कुमार गुप्ता सहित बैंक के अन्य वरीष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नव भारत जागृति केंद्र बिहार और झारखंड में विगत 50 वर्षों से ग्रामीण विकास हेतु जन कल्याणार्थ काम करने वाला एक सक्रिय एनजीओ है। केंद्र को प्रदत्त वैन, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं जैसे पोर्टेबल माइक्रोस्कोप,ईसीजी,गैस्ट्रो फाइब्रो स्कोप, आटोक्लेव,स्ट्रेचर,प्रयोगशाला सुविधा और अन्य आवश्यक डायग्नोस्टिक एक्सेसरीज से लैस होगी। यूनिट के साथ एक समर्पित चिकित्सा दल होगा जिसमें एक डॉक्टर,लैब तकनीशियन, फार्मासिस्ट और स्वास्थ्य सहायक सह चालक शामिल होंगे।
एक अनुमान के अनुसार लगभग बीस हजार लाभार्थी (सात-आठ हजार प्रत्यक्ष लाभार्थी और बारह हजार से तेरह हजार अप्रत्यक्ष लाभार्थी) इस परियोजना से सीधे लाभान्वित होंगे। वैन की यह इकाई प्रति माह चिन्हित किए गए 22 ग्राम पंचायतों में सेवाएं प्रदान करेगी। दूर-दराज के गांवों में क्लीनिकल सुविधाओं के साथ-साथ यह यूनिट स्पेशलाइज्ड हेल्थ और जागरुकता कैंप भी चलाएगी।



