ताज़ा ख़बरें

एक दिन में ही अंबानी और अडानी के 11.68 अरब डॉलर स्वाह

नई दिल्ली- 25 फरवरी। यूक्रेन पर हुए रूस के हमले के बाद वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में मची भगदड़ का असर दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों की व्यक्तिगत संपत्ति पर भी पड़ा है। भारत के 2 सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की संपत्ति में सिर्फ 1 दिन में ही 11.68 अरब डॉलर यानी करीब 87,950 करोड़ रुपये की कमी आ गई है। दूसरी ओर एक दिन पहले ही 200 अरब डॉलर क्लब से फिसल कर नीचे आए दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति एलन मस्क एक बार फिर करीब साढ़े आठ अरब डॉलर की छलांग लगाकर 207 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक बन गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स द्वारा आज जारी दुनिया भर के 500 सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में जहां 10वें और 11वें स्थान पर मौजूद भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी को जबरदस्त नुकसान हुआ है, वहीं दुनिया के टॉप 10 रईसों की सूची में शामिल 7 अमेरिकी उद्योगपतियों को 2.5 अरब डॉलर से लेकर 8.49 अरब डॉलर का जबरदस्त मुनाफा हुआ है।

ब्लूमबर्ग की इस सूची के मुताबिक दुनिया के सबसे रईस कारोबारी एलन मस्क सिर्फ 1 दिन में ही 8.49 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 207 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गए हैं। वहीं सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद जैफ बेजॉस 6.47 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 176 अरब डॉलर के स्तर पर आ गए हैं। सूची में चौथे स्थान पर काबिज बिल गेट्स 2.77 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 124 अरब डॉलर के स्तर पर, 5वें स्थान पर काबिज लैरी पेज 3.97 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 118 अरब डॉलर के स्तर पर, छठे सबसे रईस सर्गेई ब्रिन 3.76 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 113 अरब डॉलर के स्तर पर, 8वें स्थान पर काबिज स्टीव बामर 4.75 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 106 अरब डॉलर के स्तर पर और 9वें स्थान पर काबिज लैरी एलिसन 2.55 अरब के इजाफे के साथ 92.6 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गए हैं।

ब्लूमबर्ग की इस सूची में टॉप 10 में तीसरे नंबर पर काबिज बर्नार्ड अरनॉल्ट को गुरुवार के कारोबार के दौरान 7.13 अरब डालर का नुकसान हुआ, जिसकी वजह से उनकी संपत्ति घटकर 1.48 अरब डॉलर हो गई। इसी तरह दुनिया के सातवें सबसे रईस व्यक्ति वारेन बफेट की संपत्ति 633 मिलियन डॉलर घटकर 112 अरब डॉलर के स्तर पर आ गई। सूची में 10वें स्थान पर काबिज रिलायंस ग्रुप के मुकेश अंबानी की संपत्ति 5.25 अरब डॉलर की कमी के साथ 84.6 अरब डॉलर के स्तर पर आ गई। इसी तरह ब्लूमबर्ग की इस सूची में 11वें स्थान पर अपना नाम दर्ज कराने वाले गौतम अडानी की संपत्ति में भी गुरुवार को शेयर बाजार में मची भगदड़ के कारण 6.43 अरब डॉलर की कमी आ गई, जिसके कारण उनकी व्यक्तिगत संपत्ति घटकर 80.6 अरब डॉलर रह गई।

मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के अलावा दुनिया के टॉप 100 व्यक्तियों की सूची में 37वें स्थान पर मौजूद भारत के अजीम प्रेमजी की संपत्ति गुरुवार के कारोबार के बाद 1.79 अरब डॉलर घटकर 32.1 अरब डालर रह गई। वहीं इस सूची में 49वें स्थान पर मौजूद शिव नाडार की संपत्ति 1.26 अरब डॉलर की कमी के साथ 27.6 अरब डॉलर, 74 वें स्थान पर मौजूद राधाकिशन दमानी की संपत्ति 1.19 अरब डॉलर की कमी के साथ 20.8 अरब डॉलर और 94वें स्थान पर मौजूद लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति 1.06 अरब डॉलर की कमी के साथ 18.6 अरब डॉलर रह गई।

जानकारों का कहना है कि आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार में शानदार रिकवरी होती नजर आ रही है। ऐसे में भारतीय उद्योगपतियों की व्यक्तिगत संपत्ति में गुरुवार को हुए नुकसान की आज काफी हद तक भरपाई होने के आसार बने हुए हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button