
उपमुख्यमंत्री ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर माल्यार्पण कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ० श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर मुख्य सचिवालय प्रांगण में स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय सिन्हा, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, विधि मंत्री प्रमोद कुमार, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार ने भी श्री बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी बिहार केसरी श्रीकृष्ण बाबू ने आजादी की लड़ाई में बड़ी भूमिका निभायी। वे आधुनिक बिहार के निर्माता थे। उन्होंने बिहार के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण काम किए। उन्होंने बिहार से जमींदारी प्रथा को खत्म किया। भूमि सुधार कानून बनाया।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जमींदारी प्रथा खत्म होने के बाद बिहार में आर्थिक और सामाजिक सुदृढ़ीकरण के मार्ग प्रशस्त हुए।



