
उत्तराखंड: स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर जगमग हुए राजभवन व सचिवालय
देहरादून- 08 नवम्बर।। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 21वीं साल की पूर्व संध्या पर राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय, पुलिस मुख्यालय सरकारी प्रतिष्ठान रंग बिरंगी रोशनी से जगमग दिखे। नौ नवंबर को मुख्य कार्यक्रम राजधानी देहरादून में आयोजित होगा।राज्य सरकार नौ नवंबर को उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों को उत्तराखंड गौरव पुरस्कार से सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य स्थापना दिवस उत्तराखंड गौरव महोत्सव के रूप में एक सप्ताह मनाया जाएगा। राज्य के 21वें राज्य स्थापना दिवस पर मुख्य कार्यक्रम देहरादून में आयोजित हो रहा है। रैतिक परेड पुलिस लाइन में संपन्न होगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल ले.जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। मंगलवार सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 10 बजे राज्यपाल ले. जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में परेड, मुख्यमंत्री का संबोधन, पदक विजेताओं का अलंकरण, साहसिक प्रदर्शन समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
उत्तराखण्ड गौरव सम्मान वर्ष 2021 के नाम—
उत्तराखण्ड गौरव सम्मान वर्ष 2021 के लिए गठित समिति की संस्तुति के क्रम में स्व. नारायण दत्त तिवारी पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड को समाज और लोकसेवा के क्षेत्र में, (मरणोपरान्त), डॉ. अनिल जोशी पर्वावरण, रश्किन बॉण्ड को साहित्यकार, बछेन्द्री पाल साहसिक खेल, नरेन्द्र सिंह नेगी को संस्कृति (लोकगायक) के नाम का चयन किया गया है।
राजभवन में मौजूद रहेंगे जनरल बिपिन रावत—
राज्य स्थापना दिवस पर राजभवन में आयोजित स्वाल्पाहार कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत प्रतिभाग करेंगे। राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (से.नि.) ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत को उत्तराखण्ड के राज्य स्थापना दिवस पर राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित किया।



