
उत्तराखंड के सपूत को फिर मिला CDS बनने का गौरव: ऋतु खंडूरी
देहरादून- 30 सितम्बर। देश के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) के रूप में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान की नियुक्ति की गई है। इससे पहले इस पद पर पहली नियुक्ति जनरल बिपिन रावत की गई थी। जनरल रावत का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया था।
शुक्रवार को लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान ने अपना कार्यभार संभाला। उनके कार्यभार संभालने पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने उन्हें प्रदेशवासियों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश के दूसरे सीडीएस बनने का गौरव एक बार फिर उत्तराखंड के सपूत को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पौड़ी जिले के साथ उत्तराखंड के लिए आज का यह पल गौरवान्वित करने वाला है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि नए सीडीएस के कुशल नेतृत्व में भारतीय सेना सदैव की भांति राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। वह एक उत्कृष्ट अधिकारी हैं जिन्होंने बड़े उत्साह के साथ भारत की सेवा की है। उन्होंने कहा कि देश के नए सीडीएस इंडियन आर्मी को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में काम करेंगे।



