
इंडिया-श्रीलंका मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहे थे, 4 गिरफ्तार
नई दिल्ली- 07 सितंबर। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पश्चिम विहार इलाके के एक फ्लैट में एशिया कप में इंडिया-श्रीलंका के बीच खेले जा रहे टी-20 मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पांच लोगों को लैपटॉप पर ऑनलाइन दांव लगवाते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।
आरोपित मनीष गुप्ता, सागर, सुरेंद्र सिंह और अभिजीत सरकार के खिलाफ गैम्बलिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। चारों आरोपितों से पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम उनकी टीम को सूचना मिली थी कि एक आदमी पश्चिम विहार इलाके के एक फ्लैट में एशिया कप के मैचों पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहा है, वह आज भी इंडिया-श्रीलंका के मैच पर सट्टा खिलवाएगा। सूचना के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को बताया गया।
छापेमारी के लिए एक टीम बनाई गईं। टीम दबिश देने फ्लैट पर पहुंची। जहां पुलिस चार लोग लैपटॉप पर काम करते हुए मिले। सभी के लैपटॉप पर वह वेबसाइट्स खुली हुईं थीं, जिन पर वह सट्टा खिलवा रहे थे। उस पर लाखों के क्रेडिट पॉइंट्स थे। जिसकी मदद से वह दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने वहां मिले लैपटॉप, मोबाइल जब्त कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।



