
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच केलिए वेस्टइंडीज की टीम घोषित, एंडरसन फिलिप नया चेहरा
सेंट जॉन्स- 23 फरवरी। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) चयन पैनल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए पुरुष टीम और साथ ही चार दिवसीय अभ्यास के लिए सीडब्ल्यूआई अध्यक्ष एकादश टीम की घोषणा कर दी है। पहला टेस्ट सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में 8 से 12 मार्च तक खेला जाएगा, इसके पहले कूलिज क्रिकेट ग्राउंड (सीसीजी) में 1 से 4 मार्च तक अभ्यास मैच खेला जाएगा।
वेस्टइंडीज टेस्ट टीम में तेज गेंदबाज एंडरसन फिलिप को पहली बार शामिल किया गया है, जबकि सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल की टीम में वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ी मौजूदा वेस्टइंडीज चैंपियनशिप के पहले दो राउंड में काफी प्रभावशाली थे, त्रिनिदाद और टोबैगो रेड फोर्स के 25 वर्षीय फिलिप ने जमैका के खिलाफ 5-82 के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े के साथ, 14.25 की औसत से 12 विकेट लिए। जमैका स्कॉर्पियंस के 28 वर्षीय कैंपबेल ने 53.25 की औसत से 213 रन बनाए, जिसमें बारबाडोस प्राइड के खिलाफ 127 रन शामिल हैं।
टेस्ट सीरीज से पहले वेस्टइंडीज टीम 25 फरवरी से एंटीगुआ में ट्रेनिंग कैंप के लिए जुटेगी।
पहले टेस्ट के लिए वेस्टइंडीज की टीम इस प्रकार है : क्रेग ब्रैथवेट (कप्तान), जर्मेन ब्लैकवुड (उपकप्तान),नक्रमाह बोनर, शमर ब्रूक्स,जॉन कैंपबेल, जोशुआ डा सिल्वा,जेसन होल्डर, अल्जारी जोसेफ,काइल मेयर्स, वीरासामी पर्मौल,एंडरसन फिलिप, केमार रोच,जेडन सील।



