
आलिया-रणबीर की शादी की तस्वीरों के बीच वायरल हुई नीतू कपूर और ऋषि कपूर की शादी की तस्वीर
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी इस वक्त काफी चर्चा में है। दोनों ने गुरुवार को परिवार एवं करीबियों की मौजूदगी में शादी रचाई। सोशल मीडिया पर दोनों की शादी की तस्वीरें छाई हुई हैं। इस बीच आलिया भट्ट के सास -ससुर यानी नीतू कपूर और दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की शादी की तस्वीरें वायरल हो रही है। वहीं नीतू कपूर ने भी अपनी इंस्टा स्टोरी पर रणबीर-आलिया और अपनी एवं ऋषि कपूर की शादी की तस्वीरों को कोलाज शेयर किया है, जिसमें से एक तस्वीर रणबीर-आलिया की शादी की है और दूसरी नीतू और ऋषि कपूर की।
खास बात यह है कि रणबीर-आलिया और नीतू -ऋषि की ये तस्वीर शादी होने के तुरंत बाद की है और दोनों ही तस्वीरों में कपल शैंपेन पीते हुए नजर आ रहा है। दरअसल कपूर फैमिली हमेशा से शैंपेन या वाइन के ग्लास के साथ जश्न मनाती आई है। 42 साल पहले नीतू और ऋषि ने भी ठीक ऐसा ही किया था। ऋषि कपूर और नीतू कपूर की शादी 22 जनवरी 1980 को हुई थी । 13 अप्रैल 1979 को ही दोनों की इंगेजमेंट हुई थी। वहीं इस साल ठीक इसी दिन आलिया और रणबीर ने भी अपने रिश्ते पर रीति-रिवाजों की मुहर लगाते हुए रस्मों की शुरुआत की। रणबीर -आलिया की शादी में नीतू कपूर को ऋषि कपूर की कमी काफी खल रही थी। ऋषि कपूर अपनी आंखों के सामने रणबीर-आलिया की शादी देखना चाहते थे लेकिन उनकी यह ख्वाहिश पूरी नहीं हो सकी। कैंसर से जंग लड़ते हुए 30 अप्रैल, 2020 को दिग्गज अभिनेता 67 की उम्र में ऋषि कपूर का निधन हो गया। जिंदगी के इस सफर में नीतू ने ऋषि का बखूबी साथ निभाया। वहीं नीतू कपूर ने अपने बेटे की शादी में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी और अब बहू के आने से वह काफी खुश हैं और अपने परिवार में नई नवेली बहु आलिया भट्ट का खुले दिल से स्वागत कर रही हैं।



