
आर्थिक क्षेत्र में आशावान नतीजों से आगे बढ़ रहा भारत: पीएम
नई दिल्ली- 17 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत आज सावधानी और सतर्कता के साथ एक ओर कोरोना वेव का सामना कर रहा है और आर्थिक दृष्टि से आशावान नजरीए से देख रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज विश्व आर्थिक मंच के दावोस एजेंडा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘विश्व की वर्त्तमान स्थिति’ (स्टेट ऑफ द वर्ल्ड) पर विशेष भाषण दिया। यह वर्चुअल कार्यक्रम 21 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत आज आत्मविश्वास से भरा है। इसके पीछे कारण है कि एक ओर भारत आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उत्साह से भरा है और साथ ही एक साल में भारत ने 160 करोड़ कोरानारोधी टीके लगाये हैं।
मोदी ने कहा कि पूरे विश्व को भारत खूबसूरत उपहार ‘बुके ऑफ होप’ दे रहा है। इसमें लोकतंत्र में अटूट विश्वास, 21वीं सदी को मजबूत करने वाली तकनीकि एवं भारतीयों की सहनशीलता और योग्यता शामिल है।



